बलरामपुर जिलें के ग्रामीण इलाकों में सामाजिक और मांगलिक आयोजनों की सुविधा को लेकर एक बड़ी पहल की जा रही है।
गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के थारू जनजाति बहुल गांव भुसहर ऊंचवा में पंचायत उत्सव भवन का निर्माण किया जाएगा। लगभग 3000 वर्ग फीट क्षेत्रफल में बनने वाले इस भवन पर 1 करोड़ 38 लाख 8 हजार रुपये की लागत आएगी। भवन निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और कार्यदायी संस्था के चयन के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
शादी-विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेगा स्थायी मंच
पंचायत उत्सव भवन के निर्माण से गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को शादी, तिलक, मुंडन, भंडारा और अन्य सामाजिक व मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। अभी तक ग्रामीणों को ऐसे आयोजनों के लिए निजी टेंट, बैंक्वेट हॉल या महंगे लॉन किराए पर लेने पड़ते थे, जिससे खर्च काफी बढ़ जाता था।
उत्सव भवन में होंगी आधुनिक सुविधाएं
निर्माणाधीन पंचायत उत्सव भवन को ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। इसमें—
500 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला बड़ा हॉल
सुसज्जित स्टेज और मैरिज लॉन
मंडप व रैंप की सुविधा
आधुनिक रसोईघर
शुद्ध पेयजल की व्यवस्था
दिव्यांगजनों के लिए सुलभ प्रवेश
जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नाममात्र शुल्क पर होगा उपयोग
पंचायत उत्सव भवन का उपयोग ग्रामीण नाममात्र के निर्धारित शुल्क पर कर सकेंगे। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष राहत मिलेगी। भवन के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को सौंपी जाएगी।
जिले का पहला पंचायत उत्सव भवन
जिला प्रशासन का लक्ष्य जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक पंचायत उत्सव भवन का निर्माण कराना है। इनमें से सबसे पहले गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत भुसहर ऊंचवा का चयन किया गया है। यह बलरामपुर जिले का पहला पंचायत उत्सव भवन होगा।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय ने बताया कि पंचायत उत्सव भवन निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है और निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कार्यदायी संस्था के चयन के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
