बलरामपुर जिलें के कोयलरा में निर्माणाधीन माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का दूसरा स्थापना दिवस रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में धार्मिक अनुष्ठान, पौधरोपण का आयोजन किया गया
कार्यक्रम के तहत निर्माणाधीन कुलपति आवास में शतचंडी महापाठ, हवन-पूजन और पौधरोपण का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय से जुड़े कई शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं और गणमान्य लोग शामिल हुए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रखी थी विश्वविद्यालय की आधारशिला
सीएम योगी आदित्यनाथ जी ने 15 मार्च 2024 को बलरामपुर जिलें के कोयलरा ग्राम में माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी थी। वर्तमान में विश्वविद्यालय परिसर में निर्माण कार्य तेजी से जारी है.
"संस्थापक सप्ताह" के रूप में मनाया गया स्थापना दिवस
विश्वविद्यालय के कुलपति रवि शंकर सिंह के मार्गदर्शन में इस वर्ष स्थापना दिवस को “संस्थापक सप्ताह” के रूप में मनाया गया।
इस दौरान 9 मार्च से 14 मार्च तक ऑनलाइन व्याख्यानमाला आयोजित की गई, जिसमें सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, वैज्ञानिक और पत्रकारिता जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। देश के कई विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और विशेषज्ञों ने इस व्याख्यानमाला में अपने विचार साझा किए।
शतचंडी महापाठ और पौधरोपण का आयोजन
स्थापना दिवस के अवसर पर निर्माणाधीन कुलपति आवास में शतचंडी महापाठ और हवन-पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रोफेसर रवि शंकर सिंह और उनकी पत्नी ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया।
इसके साथ ही कुलपति आवास परिसर में मौली श्री पौधे का रोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कई शिक्षाविद और गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर कई शिक्षाविद और गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। इनमें डॉ. डी.पी. सिंह, प्रोफेसर अरविंद द्विवेदी, प्रोफेसर पी.के. सिंह, प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह और विश्वविद्यालय निर्माण परियोजना के प्रबंधक बी.पी. सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य और आचार्यगण भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

