बलरामपुर में सरयू नहर में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, छोटी को बचाने के लिए कूदी थी बड़ी बहन

Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां सरयू नहर में नहाने के दौरान दो सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छोटी बहन को बचाने के लिए बड़ी बहन नहर में कूदी थी, लेकिन गहरे पानी में जाने से दोनों की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।






जानकारी के अनुसार यह घटना गैड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के इटईरामपुर सकडिहवा गांव की है। गांव निवासी अकबर अली की बेटियां नसरीन (10 वर्ष) और महजबीन (7 वर्ष) शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे घर के पास स्थित सरयू नहर के सूबनजोत पुल के पास नहाने गई थीं।


नहाने के दौरान हुआ हादसा


नहाते समय अचानक छोटी बहन महजबीन गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बहन को डूबता देख बड़ी बहन नसरीन उसे बचाने के लिए तुरंत नहर में कूद गई, लेकिन वह भी गहरे पानी में चली गई। देखते ही देखते दोनों बहनें नहर में डूब गईं।


ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद निकाला बाहर


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चियों के डूबने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को नहर से बाहर निकाला। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।


मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन


घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक परिजन बच्चियों का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए। परिजनों को समझाने के लिए तहसीलदार भी मौके पर मौजूद रहे।


मुंबई में काम करते हैं पिता


बताया जा रहा है कि बच्चियों के पिता अकबर अली मुंबई में टेंट हाउस में काम करते हैं, जबकि बड़ा भाई तौफीक अहमद भी वहीं मजदूरी करता है। परिवार में मृत दोनों बहनों के अलावा दो बड़ी और एक छोटी बहन हैं।


मदरसे में पढ़ती थीं दोनों बहनें


नसरीन और महजबीन मदरसा दारुल हुदा गड़रहिया में पढ़ाई करती थीं। नसरीन नर्सरी की छात्रा थी, जबकि महजबीन कक्षा दो में पढ़ती थी। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.