गोंडा के कार्तिकेय सिंह ने UPSC 2025 में 269वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम किया रोशन

UPSC Result 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार भले ही टॉप रैंक उत्तर प्रदेश के खाते में न आई हो, लेकिन राज्य के कई होनहार अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष रैंक में जगह बनाई है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले कार्तिकेय सिंह ने भी ऑल इंडिया 269वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।





गोंडा के कार्तिकेय सिंह ने हासिल की 269वीं रैंक


गोंडा निवासी कार्तिकेय सिंह की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। परिवार और शुभचिंतक उन्हें बधाई देने के लिए लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं। कार्तिकेय सिंह कैसरगंज से सांसद करण भूषण सिंह के निजी सचिव संजीव सिंह के बेटे हैं।


कार्तिकेय ने अपनी शुरुआती शिक्षा के बाद रघुकुल विद्यापीठ से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद IIT मुंबई से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के दौरान ही उनका लक्ष्य सिविल सेवा में जाने का था और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने UPSC जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर ली। बताया जाता है कि कार्तिकेय शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी छात्र रहे हैं।


यूपी के अन्य अभ्यर्थियों का भी शानदार प्रदर्शन


UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में उत्तर प्रदेश के कई अभ्यर्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। शामली की रहने वाली आस्था जैन ने 9वीं रैंक, जबकि अमरोहा की सुरभि यादव ने 14वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।


कौन रहा UPSC 2025 का टॉपर


UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में अनुज अग्निहोत्री ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं राजेश्वरी सुवे एम दूसरे स्थान पर और अकांश धुल तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा राघव झुनझुनवाला ने चौथी और ईशान भटनागर ने पांचवीं रैंक प्राप्त की।



UPSC द्वारा जारी इस फाइनल सूची में देशभर के प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं, जिन्होंने कठिन चयन प्रक्रिया को पार करते हुए यह बड़ी सफलता हासिल की है। कार्तिकेय सिंह की उपलब्धि से गोंडा समेत पूरे इलाके में गर्व और उत्साह का माहौल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.