लरामपुर जिले के तुलसीपुर क्षेत्रवासियों का दशकों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। बीते मंगलवार को प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में तुलसीपुर में आधुनिक रोडवेज बस अड्डे के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में हुई बैठक में बस टर्मिनल के लिए भूमि के नि:शुल्क हस्तांतरण के प्रस्ताव पर मुहर लगते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रशासन का कहना है कि अब निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है और जल्द ही जमीन परिवहन निगम को हस्तांतरित कर दी जाएगी।
तुलसीपुर को वर्ष 1987 में तहसील का दर्जा मिलने के बाद से ही यहां स्थायी रोडवेज बस अड्डे की मांग उठती रही है। लंबे समय से यात्री खुले में बसों का इंतजार करने को मजबूर थे। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास चिन्हित करीब 25 बीघा जमीन पर बस स्टेशन बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए प्रदेश कैबिनेट से 26.12 करोड़ रुपये की लागत को मंजूरी मिल चुकी है। कैबिनेट के फैसले का स्वागत करते हुए व्यापारी अनिल लाठ और विकास सोनी ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। डॉ. सुरैया और रूप चंद्र गुप्ता ने कहा कि अब देवीपाटन धाम आने वाले श्रद्धालुओं को भटकना नहीं पड़ेगा और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उप जिलाधिकारी राकेश कुमार जयंत ने बताया कि कैबिनेट की मंजूरी के बाद चयनित भूमि को परिवहन निगम को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर परिक्षेत्र में बनने वाला यह बस टर्मिनल धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु देवीपाटन धाम पहुंचते हैं, लेकिन बस अड्डे के अभाव में उन्हें सड़क किनारे इंतजार करना पड़ता है। नए बस टर्मिनल के निर्माण से यात्रियों को बैठने, टिकट, पेयजल, शौचालय और पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। बस टर्मिनल बनने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। नेपाल सीमा से सटे होने के कारण तुलसीपुर का सामरिक और व्यावसायिक महत्व बढ़ जाएगा। दिल्ली, लखनऊ, कोलकाता, मुंबई सहित अन्य शहरों के लिए नियमित बस संचालन की सुविधा विकसित होगी। इससे डग्गामार वाहनों पर निर्भरता कम होगी और यात्रियों को सुरक्षित व व्यवस्थित परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही बस अड्डे के आसपास होटल, दुकानों और अन्य व्यवसायों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
