बलरामपुर में सोमवार को आई तेज आंधी और बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मधपुर–गैंड़ास बुजुर्ग मार्ग पर अर्जुन का भारी पेड़ अचानक गिरने से ई-रिक्शा चालक तुलाराम (35) की मौके पर ही मौत हो गई।
बढ़या पकड़ी गांव निवासी तुलाराम जरूरी सामान लेने गैंड़ास बुजुर्ग जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवा के चलते सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा और तुलाराम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
थाना अध्यक्ष राजीव मिश्र ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं नायब तहसीलदार प्रतिमा मौर्या ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद शासन स्तर से परिवार को आर्थिक मदद दी जाएगी।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर जिलें में तेज आंधी-बारिश का कहर, जनजीवन बेहाल
तुलाराम अपने परिवार का सहारा था। वह किराना दुकान के साथ ई-रिक्शा से पानी के डिब्बों की सप्लाई कर घर चलाता था। उसके निधन से पत्नी, छह साल के बेटे और बुजुर्ग मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
उधर, रेहरा बाजार क्षेत्र के बूधीपुर गांव में भी तेज हवाओं का असर देखने को मिला, जहां महुआ का पेड़ गिरने से एक भैंस की मौत हो गई। लगातार खराब मौसम के कारण पूरे इलाके में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
