बलरामपुर में कांशीराम आवास योजना में गड़बड़ी उजागर, 436 आवासों के आवंटन रद्द

बलरामपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में कांशीराम आवास योजना के तहत बड़ी अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 436 आवासों का आवंटन निरस्त कर दिया है। जांच के दौरान कई लाभार्थी नियमों के अनुरूप नहीं पाए गए।






प्रशासन द्वारा तीन चरणों में कराए गए स्थलीय सत्यापन में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। कुल 234 आवास बंद मिले, जबकि 202 आवासों में ऐसे लोग रह रहे थे जो योजना के पात्र नहीं थे। इन गड़बड़ियों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने सभी संबंधित आवंटनों को तत्काल प्रभाव से रद्द करने के निर्देश दिए।


निरस्त किए गए आवासों की सूची नगर पालिका परिषद, तहसील सदर और खंड विकास अधिकारी कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर सार्वजनिक कर दी गई है, ताकि लोग इसे आसानी से देख सकें।



अब इन खाली हुए 436 आवासों के दोबारा आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र लाभार्थियों से आवेदन मांगे गए हैं, जिन्हें 30 अप्रैल से 10 मई के बीच जमा करना होगा।



आवेदन पत्र जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) कार्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर से कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इस बार पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि केवल योग्य लोगों को ही योजना का लाभ मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.