बलरामपुर के इस गांव में डांस को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत

तुलसीपुर क्षेत्र के चमरवोझिया गांव में सोमवार रात एक प्रीतिभोज समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की जान चली गई। घटना के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।





जानकारी के अनुसार, गांव के पूर्व प्रधान ननके की बेटी की शादी के उपलक्ष्य में प्रीतिभोज का आयोजन किया गया था। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण और मेहमान शामिल हुए थे। मनोरंजन के लिए डांस पार्टी भी आयोजित की गई थी, जहां देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा।


इसी दौरान गांव निवासी कमलेश कुमार (25) स्टेज पर चढ़कर डांसर के साथ डांस करने लगे। इस पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और उन्हें स्टेज से नीचे उतरने को कहा। उस समय समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया और कमलेश को घर भेज दिया गया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच नाराजगी बनी रही।


कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब दूसरे पक्ष के लोग लौट रहे थे, तभी रास्ते में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें कमलेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


मृतक कमलेश कुमार

इस झगड़े में मृतक के भाई रोहित, सुरेश और मोहित भी घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष के प्रमेश कुमार, मधु और विनय को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है।


पुलिस ने मृतक के भाई सुरेश की तहरीर पर 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.