बलरामपुर के रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के साथ 362 नवआरक्षियों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। दीक्षांत समारोह में नवप्रशिक्षित आरक्षियों ने अनुशासन, समन्वय और शारीरिक दक्षता का शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक (कारागार प्रशासन एवं सुधार) कुंतल किशोर रहे, जिनका स्वागत पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने किया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी लेने के बाद 13 टोलियों का निरीक्षण किया और प्रशिक्षुओं की एकरूपता व अनुशासन की सराहना की।
निरीक्षण के पश्चात सभी टोलियों ने सुसंगठित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित भी किया गया। सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी का खिताब अंश वर्मा ने 1339 अंकों के साथ अपने नाम किया। वहीं, अंतः कक्षीय विषयों में अखिल पटेल 706 अंकों के साथ अव्वल रहे। बाह्य कक्षीय विषयों में भी अंश वर्मा ने 557 अंक प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में दीक्षांत परेड के बाद जश्न, नवआरक्षियों के सम्मान में सांस्कृतिक संध्या और ‘बड़ा खाना’ आयोजित
अपने संबोधन में कुंतल किशोर ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नवआरक्षियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की अपील की।
समारोह के अंत में सभी नवआरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी सेवा से उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि को और मजबूत करेंगे और जनता के बीच भरोसे का प्रतीक बनेंगे।
