बलरामपुर के रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में रविवार देर रात नवप्रशिक्षित आरक्षियों के सम्मान में भव्य सांस्कृतिक संध्या और पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया। दीक्षांत परेड के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अधिकारियों ने करीब 9 महीने का कठिन प्रशिक्षण पूरा करने वाले आरक्षियों की सराहना करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ सेवा करने की प्रेरणा दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान रिक्रूट आरक्षियों ने गीत-संगीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे माहौल जीवंत हो उठा।
इस मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों ने परंपरा निभाते हुए स्वयं आरक्षियों को भोजन परोसा, जिसने पुलिस परिवार के भीतर आपसी सम्मान और भाईचारे की भावना को और मजबूत किया।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में 362 नवआरक्षियों की पासिंग आउट परेड संपन्न, अंश वर्मा बने सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षार्थी
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, 9वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट मनोरंजन कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि पासिंग आउट परेड के साथ ही ये सभी रिक्रूट अब उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बन चुके हैं और भविष्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। देर रात तक चले इस आयोजन ने प्रशिक्षण की सफलता और नई जिम्मेदारियों की शुरुआत का उत्सव मनाया।
