बलरामपुर के इस गांव में पहुंचे डीएम योजनाओं की जमीनी हकीकत जांची, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

बलरामपुर में सरकारी योजनाओं की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन खुद गांव-गांव पहुंचे। हरैया सतघरवा ब्लॉक के मुड़िहवा और मोतीपुर खुर्द में उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति परखी। इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।





निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिक्षा पर खास जोर दिया। ‘स्कूल चलो अभियान’ की समीक्षा करते हुए उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि हर बच्चे को स्कूल भेजना सुनिश्चित करें। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी को 100 प्रतिशत नामांकन पूरा कराने के निर्देश दिए।


स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने टीकाकरण, पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति भी जांची। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और टीकाकरण का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल किया जाए।


आधार कार्ड बनाने में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और तुरंत विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही निराश्रित महिलाओं और बुजुर्गों को योजनाओं से जोड़ने में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार लगाई।


डीएम ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता है कि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। इसके लिए गांव स्तर पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.