बलरामपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप, 40 डिग्री पार तापमान से जनजीवन प्रभावित

बलरामपुर जिले में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। उमस भरी गर्मी और तेज लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। दिनभर चिलचिलाती धूप के चलते आमजन घरों में कैद रहने को मजबूर दिखे, वहीं शाम तक भी राहत नहीं मिल पाई।






मौसम विभाग के अनुसार, हवा की गति करीब 8 किमी प्रति घंटा रही और आर्द्रता 21 प्रतिशत दर्ज की गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 167 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है। ऐसे हालात में लोगों को सांस लेने में दिक्कत और अत्यधिक थकान महसूस हो रही है।


दोपहर के समय स्थिति और अधिक गंभीर रही। सुबह 11 बजे के बाद सड़कों पर आवाजाही कम हो गई, जबकि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी काम से बाहर निकले लोग खुद को बचाने के लिए गमछा, टोपी और छाते का इस्तेमाल करते नजर आए। कई राहगीर पेड़ों की छांव और ठंडे पानी की तलाश में रुकते दिखे।


चिकित्सकों ने भी इस मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। तुलसीपुर के डॉ. विकास के अनुसार, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों पर गर्मी का असर ज्यादा पड़ रहा है। सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। वहीं जिला मेमोरियल अस्पताल के डॉ. गिरधर चौहान ने लोगों से धूप में निकलने से बचने और अधिक से अधिक पानी पीने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.