बलरामपुर में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिले में आयोजित तीन दिवसीय मकान गणना प्रशिक्षण शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सीएमएस इंटर कॉलेज में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल कार्मिकों को अंतिम दिन ईमानदारी, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मकान गणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें डेटा संग्रह की प्रक्रिया, फॉर्म भरने के सही तरीके, क्षेत्रवार सर्वेक्षण की योजना और तकनीकी बिंदुओं को व्यावहारिक रूप से समझाया गया, ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
कार्यक्रम का निरीक्षण करने पहुंचीं एडीएम ज्योति राय ने कार्मिकों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की नीतियों और योजनाओं का आधार होते हैं, इसलिए इसमें शुद्धता और सटीकता बेहद जरूरी है।
प्रशिक्षकों पंकज पाण्डेय और वेद मणि त्रिपाठी ने जनगणना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे देश के विकास की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताया। उन्होंने सभी कार्मिकों से निष्पक्षता और सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपना पूर्ण योगदान देंगे।
