बलरामपुर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। उतरौला मार्ग पर गालिबपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बलुहा मोहल्ला निवासी आशीष सोनी (22), बड़ापुल खलवा दक्षिणी के सूरज कश्यप (20) और इमलिया रज्जाक गांव के 17 वर्षीय आकाश वर्मा के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे चोटें बेहद गंभीर हो गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, जिसके चलते टक्कर इतनी घातक साबित हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
