बलरामपुर में गांवों के विकास को रफ्तार, 18 करोड़ के कार्यों को हरी झंडी

बलरामपुर जिले में ग्रामीण विकास को गति देने के लिए क्षेत्र पंचायत की बैठक में 18 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी दे दी गई है। इस बजट से गांवों में पक्की नालियां, सीसी सड़कें, इंटरलॉकिंग, पेयजल और स्वच्छता से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे।






सदर विकास खंड सभागार में आयोजित बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने पिछली बैठक का 1000 रुपये भत्ता न मिलने की शिकायत उठाई। इस पर खंड विकास अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि दो दिन पहले ही संबंधित सदस्यों के खातों में भुगतान भेज दिया गया है।


लोकार्पण के साथ बैठक की शुरुआत


सदर विकास खंड सभागार में आयोजित बैठक से पहले सभागार का लोकार्पण सदर विधायक पल्टूराम और ब्लॉक प्रमुख आरती सोनकर ने फीता काटकर किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और बजट की कोई कमी नहीं है। साथ ही उन्होंने बताया कि कृषि सहित अन्य विभागों के जर्जर भवनों का भी जल्द कायाकल्प कराया जाएगा।


खंड विकास अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर ही 18 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है, जिससे स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराए जाएंगे।


बैठक में सहायक विकास अधिकारी पंचायत हनुमान प्रसाद, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा, सीडीपीओ संजय सिंह समेत कई अधिकारी और क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.