बलरामपुर जिलें में गैस बुकिंग और सिलिंडर की मारामारी के बीच उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। बलरामपुर जिला प्रशासन की और से शादी वाले घरों में प्राथमिकता के साथ सिलिंडर दिया जाएगा। लोगों को शादी का कार्ड व प्रार्थना पत्र जिला पूर्ति कार्यालय में देना होगा। इसके बाद संबंधित क्षेत्र की गैस एजेंसियों पर अधिकतम चार सिलिंडर बिना बुकिंग के मिल सकेगा।
मार्च आते ही जिले में सिलिंडर की क्राइसिस शुरू हो गई थी। एक-एक सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं को पूरा दिन लाइन में जूझना पड़ रहा था। हालांकि उस समय सहालग न होने के कारण सिर्फ घरेलू सिलिंडर लेने के लिए परेशान हो रहे थे। अब 15 अप्रैल से सहालग का दौर शुरू हो गया है। ऐसे में शादी वाले घरों में सिलिंडर की आपूर्ति के लिए लोग परेशान हैं। कोई नेता तो कोई अधिकारियों की पैरवी में जुटा हुआ है। वहीं आम लोग सिलिंडर कैसे मिलेगा, इस समस्या से चिंतित थे। जिलेवासियों की समस्या को देखते हुए पूर्ति विभाग ने नई पहल शुरू की है। शादी वाले घरों में अब बिना बुकिंग पर्ची के एक से चार सिलिंडर तक मिल सकेगा।
इस तरह प्राप्त कर सकते है सिलेंडर
जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने बताया कि शादी कार्ड व सिलिंडर आपूर्ति के लिए प्रार्थना पत्र कार्यालय में देना होगा। प्रार्थना पत्रों की जांच करके संबंधित क्षेत्र की गैस एजेंसियों को फारवर्ड किया जाएगा। इसके बाद उपभोक्ता एजेंसियों से सिलिंडर प्राप्त कर सकेंगे।
जमा करनी होगी 2400 रुपये की धरोहर राशि
बलरामपुर नगर के कालीथान चौराहा स्थित बालाजी गैस एजेंसी के प्रबंधक मुकेश व राप्ती गैस एजेंसी के प्रबंधक सत्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि शादी-विवाह के लिए कामर्शियल सिलिंडर देने की योजना बनाई गई है। प्रत्येक सिलिंडर के लिए 2400 रुपये धरोहर राशि जमा करनी होगी। साथ ही प्रति कामर्शिलय सिलिंडर 2283.50 रुपये देना होगा। खाली सिलिंडर वापस करने पर उपभोक्ता धरोहर राशि वापस प्राप्त कर सकेंगे।
