Balrampur News: साजिश के तहत हत्या को सड़क दुर्घटना का रुप देने वाले 4 अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ़्तार

लरामपुर जिलें के महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र के दो युवकों की मौत के मामले में बलरामपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिसे पहले सड़क हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल गहरी साजिश के तहत दोहरी हत्या निकली। प्रेमिका ने पति और दो भाइयों के साथ मिलकर युवक और उसके दोस्त की हत्या की थी। महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश करते हुए अनिल कुमार, उसकी पत्नी खुशबू वर्मा, अजय कुमार वर्मा और संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।







13 अप्रैल को ग्राम रमवापुर निवासी प्रमोद ने अपने भाई मनोज और पड़ोसी दीपचंद उर्फ छोटू की मौत सड़क दुर्घटना में होने की सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और प्रथम दृष्टया इसे हादसा माना गया। एसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कई तथ्य सामान्य सड़क दुर्घटना से मेल नहीं खा रहे थे। शवों की स्थिति और घटनास्थल के हालात ने पुलिस को संदेह में डाल दिया। यहीं से जांच की दिशा बदल गई। पुलिस ने मृतकों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाले। आखिरी कॉल और लोकेशन के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान हुई। यहीं से यह स्पष्ट होने लगा कि दोनों को योजनाबद्ध तरीके से एक स्थान पर बुलाया गया था। साक्ष्यों के आधार पर 14 अप्रैल को पुलिस ने साफ कर दिया कि यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि हत्या है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में सारे राज बयां किए हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक के मोबाइल का टूटा हिस्सा, एक माला और प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।


पहले पिटाई, फिर गला दबाकर की हत्या


महाराजगंज तराई थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपियों ने मधनगरी गांव के पास खुशबू के बुलाने पर पहुंचे दीपचंद्र उर्फ छोटू और मनोज पटवा की पहले पिटाई की गई थी। इसके बाद गला दबाकर हत्या की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पिटाई की चोट और गला दबाने की पुष्टि हुई है। रविवार की रात करीब एक बजे युवकों की हत्या के बाद दोनों शवों को वहां से बाइक पर ही बैठा कर गांव के अंदर के रास्ते से करीब 10 किमी दूर सेवरहवा नाले तक ले गए। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक पर चार लोग बैठे दिखाई दिए हैं। इसमें दोनों मृतक बीच में थे, आरोपी संतोष कुमार बाइक चला रहा था और अजय कुमार पीछे बैठा था। इसी के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान हुई। वहीं आरोपी अनिल कुमार एक अलग बाइक से पीछे-पीछे चल रहा था। सभी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। 


प्रेम प्रसंग और ब्लैकमेल बना हत्या का कारण


पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक दीपचंद उर्फ छोटू का खुशबू वर्मा के साथ शादी से पहले प्रेम संबंध था जो शादी के बाद भी संपर्क जारी रहा। छोटू के पास खुशबू की कुछ  तस्वीरें थीं, जिनके जरिए वह दबाव बना रहा था। इसी से परेशान होकर खुशबू ने अपने पति और दो भाइयों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत खुशबू ने दोनों को गांव के बाहर बुलाया गया, जहां चारों आरोपियों ने मिलकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शवों को मोटरसाइकिल पर रखकर लौकहवा क्षेत्र के सेवरहवा नाले के पास फेंक दिया। मोटरसाइकिल को भी वहीं छोड़ दिया गया, ताकि मामला सड़क दुर्घटना प्रतीत हो।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.