Balrampur News : ज्वेलरी शॉप पर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़, दो महिलाएं सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर पुलिस ने सराफा दुकानों को निशाना बनाने वाले एक अंतरजनपदीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। देहात कोतवाली पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में अंबेडकरनगर के दौलतपुर महमूदपुर गांव निवासी इंद्रभान यादव उर्फ भाटे, उसकी पत्नी सुमित्रा और बस्ती जिले के टंडरहिया गांव की सोनू उर्फ कमलावती शामिल हैं।







यह भी पढ़ें : Balrampur News: लखनऊ जाना 179 रुपये महंगा, 70 किलोमीटर दूरी भी बढ़ गई, जाने क्या है कारण?



पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह की महिलाएं ग्राहक बनकर दुकानों में जाती थीं और दुकानदार को बातों में उलझाकर जेवर चुरा लेती थीं यह मामला तब सामने आया जब पहलवारा मोहल्ले के रहने वाले वीरेंद्र गुप्त ने 6 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 4 अप्रैल को हरिहरगंज बाजार स्थित उनकी ज्वेलरी की दुकान पर आई दो महिलाओं ने खरीदारी के बहाने गहने देखते समय चोरी कर ली और फरार हो गईं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई, जिसने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद बस्ती जिले के कलवारी क्षेत्र में कुसौरा पावर हाउस के पास छापा मारकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।


ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे देवीपाटन मेले में घूमने आए थे और वहीं सराफा दुकानों को निशाना बनाने की योजना बनाई। वारदात के दौरान महिलाएं दुकान के अंदर चोरी करती थीं, जबकि इंद्रभान बाहर बाइक के साथ निगरानी करता था। हरिहरगंज की घटना के बाद उन्होंने श्रावस्ती में भी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में गोंडा के महाराजगंज बाजार में एक दुकान से ‘ओम’ लिखा लॉकेट चुरा लिया।


पुलिस ने आरोपियों के पास से अंगूठी, झुमकी, बाली, झाला, लॉकेट, 880 रुपये नकद, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह के खिलाफ गोंडा जिले के खरगूपुर थाने में भी पहले से मामला दर्ज है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.