बलरामपुर में जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे डीएम, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, गैरहाजिर डॉक्टरों का वेतन रोकने के निर्देश

बलरामपुर के जिला संयुक्त चिकित्सालय में मंगलवार सुबह जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने अचानक निरीक्षण कर अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। डीएम के औचक दौरे से अस्पताल में हड़कंप मच गया। उन्होंने ओपीडी, वार्ड, एक्स-रे और सीटी स्कैन कक्ष सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।





निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों से सीधे बातचीत कर दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और इलाज की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। मरीजों से मिली शिकायतों और सुझावों के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

अस्पताल निरीक्षण के दौरान कुछ चिकित्सक अनुपस्थित मिले, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित डॉक्टरों का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी डॉक्टर व कर्मचारी समय से ड्यूटी पर मौजूद रहें।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शौचालयों और वार्डों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन 100 बेडेड क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.