ट्रांसफार्मरों में फ्यूज सेट लगाने में लापरवाही पर सख्ती, बलरामपुर समेत तीन जिलों के अधिशासी अभियंताओं से जवाब तलब

देवीपाटन मंडल में बिजली व्यवस्था को लेकर आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सख्त रुख अपनाया है। ट्रांसफार्मरों में फ्यूज सेट लगाने की धीमी प्रगति पाए जाने पर मनकापुर, बलरामपुर और गोंडा के अधिशासी अभियंता बिजली को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। आयुक्त ने सभी अधिशासी अभियंताओं को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत फ्यूज सेट लगाने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।






बैठक के दौरान आयुक्त ने साफ कहा कि खराब ट्रांसफार्मरों को तय समय सीमा में बदलना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही ट्रांसफार्मर खराब होने पर मरम्मत खर्च संबंधित अधिशासी अभियंता के वेतन से वसूलने के निर्देश भी दिए गए हैं।


अविद्युतीकृत बसावटों के विद्युतीकरण और नए बिजली कनेक्शन जारी करने की धीमी रफ्तार पर भी नाराजगी जताई गई। आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था को सुधार न होने पर ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी। इसके अलावा सरकारी नलकूपों, पेयजल योजनाओं के ऊर्जीकरण और विद्यालय परिसरों से गुजर रही बिजली लाइनों की शिफ्टिंग के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.