बलरामपुर के जरवा थाना क्षेत्र के मोहकमपुर गांव निवासी 19 वर्षीय अरविंद विश्वकर्मा की नेपाल की दारा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। अरविंद बुधवार को अपने दोस्तों निखिल पांडे और विवेक पांडे के साथ नेपाल के कोयलावास घूमने गए थे। घूमने के दौरान तीनों युवक दारा नदी में नहाने पहुंचे, जहां अरविंद अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में डूब गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद नेपाल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब 30 घंटे की मशक्कत के बाद गुरुवार को अरविंद का शव नदी से बाहर निकाला गया। नेपाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दांग घोराही भेजा और कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
परिवार वालों के मुताबिक 25 अप्रैल को ही अरविंद की बहन की शादी हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक आई इस खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया। अरविंद अपने पिता विक्रम विश्वकर्मा के साथ चेन्नई में मजदूरी करता था और घर की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। बेटे की मौत के बाद मां लक्ष्मी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
