बलरामपुर में भारत सरकार की ‘स्व-जनगणना 2027’ पहल का शुभारंभ हो गया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर लोगों को डिजिटल जनगणना में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्व-जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी भरते हुए कहा कि यह व्यवस्था नागरिकों को घर बैठे आसान और पारदर्शी तरीके से अपनी जानकारी दर्ज कराने का अवसर दे रही है।
कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास और रोजगार जैसी योजनाएं जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाती हैं। उन्होंने लोगों से सही जानकारी दर्ज कर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि नागरिक मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के जरिए आसानी से ऑनलाइन स्व-जनगणना कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान सीडीओ हिमांशु गुप्ता, एडीएम ज्योति राय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
