बलरामपुर जिले के बल्देव नगर बाजार में सोमवार को हुए सड़क हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। गिट्टी लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान सत्यदेव यादव के रूप में हुई है। उसके पिता पितांबर यादव ने बताया कि सत्यदेव साइकिल से उनके होटल की ओर जा रहा था। तभी बाजार में गुजर रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली अचानक उसकी तरफ मुड़ गई और वह उसकी चपेट में आ गया।
हादसा इतना भीषण था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सत्यदेव की मौके पर मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां सुनीता बेटे की मौत से बदहवास हो गईं, जबकि छोटा भाई सत्य प्रकाश रोते हुए मां से लिपट गया।
ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ घर पर जुट गई और सभी शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में लगे रहे। बताया जा रहा है कि सत्यदेव परिवार का सबसे बड़ा बेटा था।
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
