बलरामपुर में राप्ती नदी में डूबी दो वर्षीय बच्ची का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद होने से परिवार में मातम छा गया। मासूम अपनी मां के साथ नदी किनारे गई थी, जहां नहाने के दौरान हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मलगहिया गांव निवासी आरिफ खान की दो वर्षीय बेटी हरीम अपने ननिहाल ग्राम तय्यबपुर परसौना आई हुई थी। रविवार को वह अपनी मां दरकशा और अन्य लोगों के साथ राप्ती नदी किनारे गई थी। इसी दौरान खेलते-नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह नदी की गहराई में चली गई।
मासूम को नदी में बहता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। गोताखोरों की मदद से लगातार खोजबीन की गई, लेकिन पहले दिन कोई सफलता नहीं मिली।
सोमवार शाम करीब पांच बजे जिगना घाट साइफन के पास नदी में एक शव दिखाई दिया। पुलिस और गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान हरीम के रूप में हुई। शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बांक चौकी इंचार्ज किसलय मिश्र और पुलिस टीम ने पूरे अभियान में लगातार खोजबीन जारी रखी। थानाध्यक्ष राना प्रताप सिंह ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
