बलरामपुर जिलें के उतरौला क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने अपने साथियों को बुलाकर भाई-बहन और उनकी मौसी की जमकर पिटाई कर दी। घटना में 17 वर्षीय युवती का हाथ टूट गया, जबकि उसका भाई भी घायल हो गया। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अल्लानगर निवासी रमन भारती अपनी बहन प्रीति और मौसी पूनम के साथ माता मंदिर में दर्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलहा-बिस्कोहर मार्ग पर परसा मोड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल की सामने से आ रही बुलेट बाइक से टक्कर हो गई।
आरोप है कि दुर्घटना के बाद बुलेट सवार युवक गुस्से में आ गया और विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर बाद उसने फोन कर अपने गांव लिलवा से कई लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद पहुंचे लोगों ने भाई-बहन और उनकी मौसी को घेरकर मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में प्रीति गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका एक हाथ टूट गया। रमन को भी चोटें आईं। सड़क पर हंगामा होता देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया।
यह भी पढ़े : पचपेड़वा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की 24 घंटे में गिरफ्तारी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आते देख आरोपी वहां से भाग निकले। घायल युवती को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके भाई का भी उपचार कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक हरीश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है और तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
