केंद्र सरकार ने NEET-UG री-एग्जाम को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अनुसार, भारत सरकार ने टेलीग्राम ऐप के इस्तेमाल पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। यह रोक 22 जून 2026 तक लागू रहेगी।
मंगलवार को जारी प्रेस रिलीज में NTA ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 69A के तहत यह आदेश जारी किया है।
दरअसल, NEET-UG की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित होनी है। ऐसे में सरकार ने परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है।
यह भी पढ़ें: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा विवाद पर बढ़ी सियासत, करोड़ों रुपये की गड़बड़ी के आरोपों की जांच शुरू
सिर्फ इतना ही नहीं, सरकार ने टेलीग्राम को भारत में अपना “मैसेज एडिट” फीचर भी 30 जून तक बंद रखने का निर्देश दिया है। यानी पहले से भेजे गए मैसेज अब एडिट नहीं किए जा सकेंगे।
NTA के मुताबिक, कुछ लोग टेलीग्राम का इस्तेमाल कथित पेपर लीक के फर्जी स्क्रीनशॉट और सबूत तैयार करने के लिए कर रहे थे। इन्हीं गतिविधियों पर रोक लगाने और छात्रों के बीच भ्रम फैलने से रोकने के लिए यह सख्त फैसला लिया गया है।
