बलरामपुर में 16 नई ग्राम पंचायतों तक पहुंची आधार सेवा, गांव में ही बनेंगे और अपडेट होंगे आधार कार्ड

बलरामपुर जिलें के ग्रामीणों को आधार संबंधी सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हिमांशु गुप्ता ने 16 ग्राम पंचायतों के पंचायत सहायकों को आधार किट वितरित कर नए आधार सेवा केंद्रों की शुरुआत कराई।






इससे पहले जिले की 13 ग्राम पंचायतों में आधार सेवाएं संचालित की जा रही थीं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 2,256 नए आधार कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 3,245 आधार कार्डों में आवश्यक संशोधन और अपडेट किए गए हैं।


सीडीओ ने बताया कि आधार सेवाओं के संचालन से ग्राम पंचायतों को आर्थिक लाभ भी मिला है। 13 पंचायतों ने मिलकर अब तक 2.58 लाख रुपये से अधिक की स्वयं की आय (ओएसआर) अर्जित की है। इससे पंचायतों की आय में वृद्धि होने के साथ-साथ ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं भी मिल रही हैं।


उन्होंने पंचायत सहायकों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के नए आधार कार्ड बनवाने और आधार अपडेट कराने के कार्य को प्राथमिकता दी जाए। पंचायत स्तर पर आधार सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को शहरों और तहसील मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।


यह भी पढ़ें : बलरामपुर में चंदन तस्करी का बड़ा खुलासा, एसएसबी और वन विभाग ने तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार



नए आधार सेवा केंद्र ग्राम पंचायत फरेंदा, गंगापुर बाकी, महादेव, हरिहर नगर, विलोहा बनकसिया, धुसाह, मझारी तप्पाबांक, मोतीपुर सेमरी, सिसहना, घोपलापुर, बरगदवा कला, मैनहवा, नन्हूपुर, महुवाइब्राहिम, मोतीपुर और महादेव जमुनी में शुरू किए गए हैं। इन पंचायतों सहित आसपास के गांवों के लोग भी यहां पहुंचकर आधार नामांकन और अपडेट संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।


इस अवसर पर प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी अशोक सचान, जिला परियोजना प्रबंधक संदीप कश्यप समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.