लखनऊ में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, कई लोगों की मौत; राहत-बचाव कार्य जारी

 लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को एक कोचिंग एवं प्रशिक्षण संस्थान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में कई लोगों की मौत की खबर है, जबकि कुछ लोगों के अभी भी इमारत के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के अभियान में जुटी हैं।







प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद इमारत से घना धुआं निकलने लगा, जिससे अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद करते हुए कई लोगों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि आग लगने के दौरान जान बचाने के प्रयास में एक व्यक्ति इमारत से नीचे कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इमारत के प्रत्येक कमरे की जांच की जा रही है और प्राथमिकता सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित उपचार और पूरे मामले की निगरानी करने के लिए प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और राहत कार्य लगातार जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.