पचपेड़वा में मनरेगा घोटाले पर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, ग्राम प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बलरामपुर जिले के विकासखंड पचपेड़वा की ग्राम पंचायत विशुनपुर टनटनवा में मनरेगा कार्यों में वित्तीय गड़बड़ी का मामला अब गंभीर जांच के दायरे में आ गया है। तालाब निर्माण के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में विजिलेंस ने ग्राम प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।





खंड विकास अधिकारी मोहित दुबे की शिकायत पर विजिलेंस थाना अयोध्या सेक्टर में ग्राम प्रधान अयूब, रोजगार सेवक जुबेर खान, पंचायत सचिव गिरिशंकर और तत्कालीन अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अतुल कुमार मिश्र को नामजद किया गया है।


जांच में सामने आया कि गांव में मनरेगा के तहत तीन तालाबों की खुदाई और निर्माण कार्यों पर करीब 58.34 लाख रुपये खर्च दिखाए गए थे। लेकिन मौके पर निरीक्षण के दौरान कार्यों में भारी अनियमितताएं और रिकॉर्ड में गड़बड़ियां पाई गईं।


रिपोर्ट के मुताबिक, जिन दिनों तालाब खुदाई का कार्य दिखाया गया, उस दौरान तालाब पहले से पानी से भरे हुए थे। इसके अलावा भुगतान प्रक्रिया और सरकारी अभिलेखों में भी कई विसंगतियां सामने आई हैं।


बताया जा रहा है कि इसी मामले में वर्ष 2025 में पचपेड़वा थाने में भी मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। फिलहाल सभी आरोपी जमानत पर बाहर हैं।


विजिलेंस थाना अयोध्या सेक्टर के प्रभारी निरीक्षक राम पाल सिंह ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.