बलरामपुर जिलें में ललिया थाना क्षेत्र के लौकहवा गांव में बुधवार को बूढ़ी राप्ती नदी में नहाते समय एक 10 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है। वह अपने तीन साथियों के साथ बकरी चराने गया था, जहां नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना के दौरान साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर मौके से गुजर रहे ग्रामीण राजेंद्र ने डंडे की मदद से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर जितेंद्र को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, नेपाल और पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश का असर राप्ती नदी पर भी दिखाई दे रहा है। सिंचाई विभाग के अनुसार, बुधवार को नदी का जलस्तर 103.150 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर से 47 सेंटीमीटर नीचे है। बीते 24 घंटे में नदी का जलस्तर 34 सेंटीमीटर बढ़ने से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
