बलरामपुर जिलें में संचालित ‘विकास आपके द्वार’ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देश पर अब प्रत्येक विकास रथ के साथ प्रशिक्षित आधार ऑपरेटर और आधार मशीन भी उपलब्ध रहेगी, जिससे ग्रामीणों को गांव में ही आधार से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाएं मिल सकेंगी।
अब तक विकास रथ के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं के आवेदन, पात्रता जांच और अन्य जनसेवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं, लेकिन आधार संबंधी सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह कमी भी दूर हो जाएगी।
विकास रथ के गांव पहुंचने पर ग्रामीण नए आधार कार्ड का नामांकन, बायोमेट्रिक अपडेट, नाम, पता और जन्मतिथि में संशोधन, आधार लिंकिंग समेत अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ मौके पर ही ले सकेंगे। इससे लोगों को आधार केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय के साथ-साथ खर्च की भी बचत होगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकास रथ के गांव पहुंचने से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इस सुविधा का लाभ उठा सकें। इसके लिए ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं और अन्य फील्ड कर्मचारियों को भी जागरूकता अभियान से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकारी सेवाएं गांव स्तर पर ही सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। आधार सेवाओं के जुड़ने से योजनाओं में पंजीकरण, ई-केवाईसी और सरकारी लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी अधिक आसान और तेज होगी।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि विकास रथ के गांव पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं।
गौरतलब है कि जिले के सभी विकासखंडों में संचालित ‘विकास आपके द्वार’ अभियान के तहत अब तक 2,658 से अधिक लाभार्थियों का विभिन्न सरकारी योजनाओं में पंजीकरण किया जा चुका है। आधार सेवाएं जुड़ने के बाद यह अभियान ग्रामीणों के लिए और अधिक उपयोगी साबित होगा।

