बलरामपुर जिलें के ललिया क्षेत्र के इटैहिया गांव में देखने को मिला। बुधवार देर रात हेंगहा पहाड़ी नाले का जलस्तर बढ़ने से तेज बहाव का पानी गांव में घुस गया, जिससे गलियां, संपर्क मार्ग, प्राथमिक विद्यालय और आसपास का इलाका जलमग्न हो गया। रातभर ग्रामीण अपने घरों में ही रहने को मजबूर रहे।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव की करीब 750 की आबादी हर वर्ष इस समस्या का सामना करती है। उनका आरोप है कि हेंगहा नाले की लंबे समय से समुचित सफाई नहीं कराई गई। कुछ महीने पहले केवल आधे हिस्से की सफाई हुई थी, जबकि शेष भाग में गाद, झाड़ियां और अतिक्रमण बने रहने से पानी का बहाव बाधित हो गया और तेज धारा सीधे गांव में प्रवेश कर गई।
जलभराव के कारण प्राथमिक विद्यालय इटैहिया परिसर और उसके सामने की सड़क भी पूरी तरह पानी में डूब गई। कई गलियों में घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने पूरी रात बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता में बिताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हेंगहा नाला सीधे हिमालय की तलहटी से जुड़ा है। पहाड़ों पर बारिश होने के कुछ घंटों बाद इसका पानी गांव तक पहुंच जाता है और कई घंटों तक तेज बहाव बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले की पूरी सफाई, अतिक्रमण हटाने और स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो हर बरसात में गांव को इसी तरह जलभराव और परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
