बलरामपुर में मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के लोकार्पण की तैयारियां तेज, डीएम ने किया निरीक्षण

बलरामपुर में निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के लोकार्पण की तैयारियां अब अंतिम दौर में हैं। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।





निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक ब्लॉक, सभागार, सड़क, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, सीवरेज, हरित क्षेत्र, लैंडस्केपिंग और परिसर के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


डीएम ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि भवनों की फिनिशिंग, रंगाई-पुताई, विद्युत फिटिंग, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य सभी शेष कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि लोकार्पण समारोह बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक आयोजित हो सके।


यह भी पढ़ें : बलरामपुर जिलें के तुलसीपुर हरैया मार्ग पर खैरी बाईपास पुल जलमग्न, डीएम ने किया निरीक्षण; जलस्तर सामान्य होने तक यातायात रोका गया 


उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित किया जा रहा है, जिससे बलरामपुर सहित पूरे देवीपाटन मंडल के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उच्च शिक्षा की गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिल सकेंगी।


निरीक्षण के दौरान यूपी राजकीय निर्माण निगम (यूपीआरएनएन) के प्रबंध निदेशक आर.एन. सिंह ने जिलाधिकारी को निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि सभी शेष कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.