बलरामपुर जिलें के तुलसीपुर-हरैया मार्ग पर ग्राम खैरी स्थित कठरिया पहाड़ी नाले में लगातार बारिश के बाद जलस्तर बढ़ने से वैकल्पिक वेंटेड कॉजवे (खैरी बाईपास पुल) पर पानी बहने लगा। तेज बहाव के कारण लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया है।
गौरतलब है कि कठरिहवा पुल के पिलर में दरार आने के बाद पिछले साल जुलाई से मुख्य पुल पर आवागमन बंद है और तब से इसी वैकल्पिक बाईपास मार्ग से यातायात संचालित किया जा रहा है। अब लगातार बारिश के चलते यह बाईपास मार्ग भी प्रभावित हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर जिलें में 21 जुलाई को होगा सीएम योगी का आगमन, देवीपाटन मंदिर में करेंगे रात्रि विश्राम
इसी स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने निर्माणाधीन स्थायी पुल और वेंटेड कॉजवे का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने, दोनों ओर बैरिकेडिंग व चेतावनी संकेत लगाने तथा पानी पूरी तरह उतरने के बाद ही सुरक्षित रूप से यातायात शुरू कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान पहाड़ी नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी दुर्घटना से बचाव के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
