बलरामपुर जिलें के नगर कोतवाली क्षेत्र के भगवतीगंज चौराहे से पहले सुवांव नदी पुल पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार करीब पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे गोंडा से बलरामपुर की ओर जा रही बोलेरो (UP-40 T-0572) को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया। उपचार के बाद सभी अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। कुछ यात्रियों ने बताया कि वे बढ़नी जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि पुल पर सुरक्षा बैरियर न होता, तो बोलेरो नीचे खाई में गिर सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक पुल पर यातायात भी प्रभावित रहा।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
