बलरामपुर में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या के मामले में कोतवाली देहात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में मुख्य आरोपी ने पत्नी की गला दबाकर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, मधपुर निवासी आस मोहम्मद ने अपनी बहन की संदिग्ध मौत के बाद पति अफसर व अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही चार पहिया वाहन की मांग को लेकर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
एसपी विकास कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने शनिवार दोपहर ग्राम बल्दीडीह रघवापुर से आरोपी अफसर और उसके भाई सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी अफसर ने बताया कि शादी के समय कार देने का वादा पूरा न होने और पत्नी के मायके से मांग करने से इनकार करने पर उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर नए मकान में पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को सामान्य मौत दिखाने के लिए शव को पुराने घर के पास चारपाई पर रख दिया गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
