बलरामपुर जिले को स्वच्छ, सुंदर और जाम मुक्त बनाने की दिशा में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन सोमवार शाम स्वयं शहर की सड़कों पर उतरे। उन्होंने वीर विनय चौराहे से अंबेडकर चौराहा, जिला मेमोरियल चिकित्सालय, मेजर चौराहा और चौक क्षेत्र तक पैदल निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने शहर के प्रमुख चौराहों पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 15 अगस्त से पहले सभी कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं होगा।
डीएम ने नालों की सफाई और टैपिंग कार्य का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे शहर की स्वच्छता बेहतर होगी और जलभराव की समस्या में भी राहत मिलेगी।
जिला अस्पताल के सामने अतिक्रमण मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही वीर विनय चौराहे पर 'नो वेंडिंग जोन' विकसित करने, वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने और शहर में मल्टी लेवल पार्किंग की योजना तैयार करने के आदेश दिए, ताकि जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय का भी दौरा किया और प्रस्तावित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास, स्वच्छता, यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों, ताकि आम जनता को उनका सीधा लाभ मिल सके।
