बलरामपुर में पारिवारिक विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, 48 घंटे में गिरफ्तार

बलरामपुर के तुलसीपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां 21 वर्षीय युवक ने अपने ही पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त अधजली लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया।





पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात आरोपी पिंटू उर्फ करिया का अपनी बहन से विवाद हो गया था। वह बहन के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था। इसी दौरान पिता 50 वर्षीय कल्लू ने उसे समझाने और रोकने की कोशिश की, जिससे नाराज होकर आरोपी ने घर में रखी अधजली लकड़ी से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मां पर भी उसने हमला कर दिया।


गंभीर रूप से घायल कल्लू को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।


मृतक के बड़े बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लाल चौराहा क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.