गोंडा के लोगों के लिए संकटमोचन बनेगा अत्याधुनिक रेस्क्यू वाहन 'हनुमान रथ, जमीन पर दौड़ेगा-पानी पर तैरेगा

उत्तर प्रदेश में मानसून के साथ बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है और गोंडा भी हर साल प्रभावित होने वाले जिलों में शामिल है। ऐसे समय में जिले को एक बड़ी राहत मिली है। सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने सीएसआर फंड के माध्यम से करीब 3 करोड़ रुपये की लागत वाला अत्याधुनिक राहत एवं रेस्क्यू वाहन जिला प्रशासन को सौंपा है। सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस वाहन का सफल ट्रायल भी किया गया।





यह विशेष वाहन सड़क के साथ-साथ पानी में भी आसानी से चल सकता है। बाढ़ के दौरान फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत सामग्री पहुंचाने और आपदा प्रबंधन टीमों को तेजी से कार्रवाई करने में यह अहम भूमिका निभाएगा। तरबगंज तहसील के ऐली परसौली समेत आसपास के बाढ़ प्रभावित गांवों में इसकी तैनाती की गई है, जहां हर वर्ष बाढ़ से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।


जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि करनैलगंज और तरबगंज तहसीलें बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित होती हैं। ऐसे में यह वाहन राहत और बचाव कार्यों को पहले से कहीं अधिक प्रभावी बनाएगा। उन्होंने बताया कि विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद वाहन को जिला प्रशासन के सुपुर्द कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है। उन्होंने इस पहल के लिए सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह का आभार भी व्यक्त किया।



तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने कहा कि आपदा के समय लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह आधुनिक रेस्क्यू वाहन बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, खाद्यान्न, पेयजल, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाने में बेहद उपयोगी साबित होगा। उनके अनुसार यह वाहन पूरे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है और राहत कार्यों को नई गति देगा।



Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.