बलरामपुर में नगर कोतवाली क्षेत्र के तुलसीपुर रोड स्थित एमपीपी इंटर कॉलेज के पास बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतका की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के शिवचरनडीह गांव निवासी 55 वर्षीय जनक लली, पत्नी राम सुंदर, के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ इलाज के लिए बलरामपुर आई थीं।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे दंपति बाइक से तुलसीपुर रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही जनक लली सड़क पर गिर गईं और डंपर का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, डंपर को कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तुलसीपुर रोड पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।
