बलरामपुर जिले के उतरौला-रेहरा मार्ग पर मंगलवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना सुंदरघाट जंगल के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर से हुई।
पुलिस के अनुसार, तुलसीपुर निवासी इरफान अपनी पत्नी असीसुन्निसा और 10 वर्षीय पुत्री गौसिया के साथ रिश्तेदारी में आए थे। वहां से वे निजामुद्दीन के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर बंजरिया हुसैन लक्ष्मणपुर स्थित ननिहाल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में गौसिया (10) और निजामुद्दीन पुत्र कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में इरफान, उनकी पत्नी असीसुन्निसा, राहुल वर्मा उर्फ रोहित तथा ईयाजुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही रेहरा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहरा बाजार भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में राहुल वर्मा उर्फ रोहित की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
