बलरामपुर में बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए जिला प्रशासन और जोमैटो फीडिंग इंडिया ने नई पहल शुरू की है। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की मौजूदगी में दोनों के बीच एमओयू हुआ।
पहले चरण में रेहरा बाजार क्षेत्र की 21 ग्राम पंचायतों के 60 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को निःशुल्क ताजा, गर्म और पौष्टिक नाश्ता व दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। योजना की शुरुआत 2 अक्टूबर को केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह करेंगे।
भोजन तैयार करने के लिए अचलपुर चौधरी में केंद्रीय रसोई बनाई जाएगी। यहां तैयार भोजन को पांच विशेष वाहनों के जरिए तय समय पर आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
बच्चों के लिए 12 दिवसीय मेन्यू तैयार किया गया है, जिसमें पोहा, दूध का दलिया, इडली-सांभर, खीर, सेवई, रागी का दलिया, मौसमी फल, गुड़-चना, दाल, तहरी, पालक-बेसन कढ़ी, चना-पालक दाल और पनीर-वेजिटेबल पुलाव समेत कई पौष्टिक व्यंजन शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में निर्माणाधीन झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज का डीएम ने किया निरीक्षण, काम में तेजी के निर्देश
योजना में 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों के साथ गर्भवती और धात्री महिलाओं के पोषण पर भी ध्यान दिया जाएगा। बच्चों की उपस्थिति, वजन और लंबाई की डिजिटल निगरानी की जाएगी।
पहले चरण के परिणामों के आधार पर इस योजना को आगे बढ़ाकर 218 आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाने की तैयारी है।

