बलरामपुर में झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज के चलते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। वीर विनय चौराहे से झारखंडी क्रॉसिंग तक नाले की ओर किए गए कब्जों को लेकर प्रशासन ने 55 लोगों को नोटिस जारी किया है।
राजस्व अभिलेखों के मुताबिक गाटा संख्या 2404 कब्रिस्तान के नाम दर्ज है। प्रशासन का कहना है कि इस जमीन पर 55 लोगों ने मकान और दुकान बनाकर स्थायी या अस्थायी रूप से कब्जा कर रखा है।
तहसीलदार सदर शशांक शेखर की ओर से जारी नोटिस में कब्जेदारों को सात दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में कब्जा न हटाने पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में निर्माणाधीन झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज का डीएम ने किया निरीक्षण, काम में तेजी के निर्देश
प्रशासन ने नोटिस में यह भी स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में आने वाला खर्च और किसी भी तरह की क्षति की जिम्मेदारी संबंधित कब्जेदारों की होगी।
ओवरब्रिज निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और निर्माण क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने यह कार्रवाई शुरू की है।

