बलरामपुर में शिकायत पर मिलेगी पावती, जांच अधिकारी की भी होगी जानकारी

बलरामपुर पुलिस ने जनसुनवाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पावती-पर्ची सिस्टम शुरू किया है। अब थाने या पुलिस कार्यालय में शिकायत देने वाले फरियादियों को शिकायत की पावती दी जाएगी, जिससे उन्हें अपनी शिकायत की स्थिति जानने में आसानी होगी।





एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत जिले के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में शिकायत दर्ज कराने पर पावती दी जाएगी। इसमें शिकायत क्रमांक, शिकायतकर्ता का नाम-पता, शिकायत का संक्षिप्त विवरण और जांच अधिकारी का नाम व मोबाइल नंबर दर्ज होगा।


पावती मिलने से शिकायतकर्ता के पास आवेदन का लिखित रिकॉर्ड रहेगा। शिकायत के निस्तारण में देरी या लापरवाही होने पर संबंधित जांच अधिकारी की जवाबदेही तय करने में भी यह रिकॉर्ड मदद करेगा।


पुलिस के अनुसार, यह व्यवस्था एसपी कार्यालय के अलावा एएसपी कार्यालय, सीओ कार्यालय, सीओ यातायात कार्यालय, सभी थानों और महिला थाने में मिलने वाली शिकायतों पर लागू होगी।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पावती मिलने का अर्थ एफआईआर दर्ज होना नहीं है। शिकायत की प्रकृति और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य शिकायतों की निगरानी और निस्तारण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.