बलरामपुर के स्कूल में छात्रों की पिटाई का आरोप, अभिभावक ने BSA से की शिकायत; वीडियो सौंपा

बलरामपुर जिलें के गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के रतनपुर झिंगहा ग्राम सभा के मजरा करैली स्थित कंपोजिट विद्यालय में विद्यार्थियों की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। अभिभावक अजय कुमार ने प्रभारी प्रधानाध्यापक शैलेंद्र पाल सिंह पर उनके बेटे समेत छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को शिकायत दी है।




अभिभावक ने शिकायत के साथ कथित पिटाई और उसके बाद हुए विवाद का वीडियो भी BSA को सौंपा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।



अजय कुमार का आरोप है कि उनका बेटा पवन कुमार कक्षा पांच में पढ़ता है। कक्षा में शोर होने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उसे डंडे से पीटा, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर जब वह विद्यालय पहुंचे तो उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और मारपीट का प्रयास किया गया।


शिकायत में प्रधानाध्यापक पर छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने, विरोध करने पर फेल करने की धमकी देने और टीसी व मार्कशीट खराब करने की धमकी देने समेत अन्य आरोप भी लगाए गए हैं। अभिभावक ने इन आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।


यह भी पढ़ें : बलरामपुर में छात्रा की मौत, वजह DJ की तेज आवाज या कुछ और, जांच जारी



वहीं, प्रभारी प्रधानाध्यापक शैलेंद्र पाल सिंह ने कहा कि विभागीय कार्यों को लेकर वह परेशान थे और अभिभावक के रवैये के कारण विवाद की स्थिति बनी।


खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है और इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.