बलरामपुर नगर में धार्मिक शोभायात्राओं और जुलूसों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से निकालने को लेकर सर्वसमाज की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। बैठक के बाद सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर इन प्रस्तावों के आधार पर विस्तृत गाइडलाइन जारी करने की मांग की है।
आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष की अगुवाई में हुई बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु और समाज के प्रमुख लोग शामिल हुए। बैठक में सुरक्षा, यातायात और शांति व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
संगठनों ने प्रस्ताव रखा कि नगर में निकलने वाली किसी भी शोभायात्रा या जुलूस में DJ का इस्तेमाल पूरी तरह बंद रखा जाए। साथ ही DJ लगे वाहनों के नगर में प्रवेश पर भी रोक लगाने की मांग की गई है। इसके लिए DJ संचालकों की पहले बैठक बुलाकर उन्हें प्रस्तावित नियमों की जानकारी देने की बात कही गई है।
इसके अलावा शोभायात्राओं और जुलूसों में इस्तेमाल होने वाली झांकियों या वाहनों पर स्थापित मूर्तियों की कुल ऊंचाई अधिकतम 12 फीट रखने का प्रस्ताव दिया गया है। संगठनों का कहना है कि निर्धारित सीमा का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में छात्रा की मौत, वजह DJ की तेज आवाज या कुछ और, जांच जारी
बिजली के तारों को लेकर भी मांग
जुलूस के निर्धारित मार्गों पर लटक रहे बिजली के तारों को लेकर भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है। संगठनों ने कहा कि आयोजनों से पहले बिजली विभाग रास्तों का निरीक्षण कर जरूरत के अनुसार तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर करे, ताकि ऊंची झांकियों या वाहनों के संपर्क में आने से हादसे न हों।
संगठनों ने लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की है।
इन प्रस्तावों का उद्देश्य शोभायात्राओं के दौरान यातायात, सुरक्षा और शांति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना बताया गया है।
