बलरामपुर जिलें के हरैया थाना क्षेत्र में करीब एक सप्ताह से लापता 35 वर्षीय युवक का शव मंगलवार दोपहर महमूदनगर-तुलसीपुर मार्ग पर बेलवा के पास बहदिनवा नाले के आगे झाड़ियों में मिला है और उसकी बाइक भी बरामद हुई है
मृतक की पहचान मोतीपुर कला पिपरहवा चौराहा निवासी ज्ञान प्रकाश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शव करीब एक सप्ताह पुराना था और काफी खराब हालत में मिला।
परिजनों के अनुसार ज्ञान प्रकाश सोमवार शाम करीब 4:30 बजे बाइक से भड़सहिया चौराहे की ओर गए थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। 9 सितंबर को परिजनों ने हरैया थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी और लगातार उनकी तलाश की जा रही थी।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में आंगनबाड़ी के 495 पदों पर निकली भर्ती, 23 सितंबर तक होगा ऑनलाइन आवेदन
मंगलवार को झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और बाद में थाने भी गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। सीओ ललिया डीके श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
