बलरामपुर के चरनगहिया ग्राम पंचायत में स्थित श्रीश्री भियूरा बाबा पीठ को नया स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। शनिवार को मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण परियोजना का शिलान्यास किया गया। देवीपाटन पीठ के महंत मिथलेश नाथ योगी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर विकास कार्य की शुरुआत कराई।
परियोजना के लिए पर्यटन विभाग ने 1 करोड़ 40 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इसके तहत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण करने के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
प्रोजेक्ट मैनेजर सुनील श्रीवास्तव के अनुसार, योजना में मंदिर परिसर के विकास के साथ यहां आने वाले लोगों की सुविधाओं का विस्तार भी शामिल है।
महंत मिथलेश नाथ योगी ने कहा कि भियूरा बाबा पीठ क्षेत्र के लोगों की आस्था से जुड़ा प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां विकास कार्य होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने परियोजना को आगे बढ़ाने में पूर्व विधायक शैलेश सिंह शैलू के प्रयासों की सराहना की।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूल बसों में महिला परिचालक अनिवार्य
शिलान्यास कार्यक्रम में पूर्व विधायक शैलेश सिंह शैलू, ब्लॉक प्रमुख तुलसीपुर जगदंबा सिंह, ग्राम प्रधान चरनगहिया श्रेया सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पचपेड़वा भोला जायसवाल, पचपेड़वा नगर पंचायत अध्यक्ष रवि वर्मा समेत अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।
