बलरामपुर. जनपद में पिछले करीब 72 घंटे से जारी लगातार बारिश और तेज आंधी-तूफान ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को व्यापक रूप से प्रभावित किया है. प्रारंभिक आकलन के अनुसार जिले में करीब 470 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त अथवा गिर गए हैं, जबकि 45 से अधिक ट्रांसफॉर्मर भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है. इसके अलावा करीब तीन स्थानों पर 33/11 केवी विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर आ गई है.
जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की ओर से विद्युत आपूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में क्षति का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की गई है.
मौसम में सुधार के बाद तेज होगा मरम्मत कार्य
लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण फिलहाल कई स्थानों पर विद्युत लाइनों पर काम करना सुरक्षित नहीं है. प्रशासन के अनुसार ऐसी परिस्थितियों में जल्दबाजी में विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास दुर्घटना का कारण बन सकता है. इसी वजह से आमजन की सुरक्षा और विद्युत कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है.
मौसम में सुधार होते ही क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों, पोल और ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत का कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा. इसके लिए आवश्यक विद्युत पोल, तार, ट्रांसफॉर्मर और अन्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि परिस्थितियां अनुकूल होते ही अतिरिक्त संसाधनों और कर्मचारियों के माध्यम से काम को गति दी जा सके.
सुरक्षित स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी
जिला प्रशासन के अनुसार जिन स्थानों पर मौसम और परिस्थितियां अनुकूल हैं, वहां विद्युत विभाग की अतिरिक्त टीमों और संसाधनों को लगाकर आपूर्ति बहाल करने का काम लगातार किया जा रहा है. प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि विद्युत आपूर्ति को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित रूप से सामान्य किया जाएगा. मौसम में सुधार के साथ मरम्मत कार्य में और तेजी लाने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं.
जिलाधिकारी ने लोगों से की सहयोग की अपील
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपदवासियों से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण विद्युत व्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच लगातार काम कर रही हैं.
उन्होंने लोगों से विद्युत विभाग की टीमों और कर्मचारियों को सहयोग देने तथा मरम्मत कार्य के दौरान अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की. जिलाधिकारी के अनुसार विद्युत कर्मियों की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिकता है.
टूटे तार और गिरे पोल से रहें दूर
प्रशासन ने नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. गिरे हुए विद्युत पोल, टूटे तार या जमीन पर पड़े विद्युत तारों को बिल्कुल न छुएं और उनके पास जाने से बचें. जलभराव वाले क्षेत्रों में यदि विद्युत तार या पोल दिखाई दे तो उससे पर्याप्त दूरी बनाए रखें.
ऐसी किसी भी स्थिति की सूचना तत्काल विद्युत विभाग या स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पानी में गिरे विद्युत तारों के आसपास जाना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है.
चरणबद्ध तरीके से सामान्य होगी विद्युत आपूर्ति
जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के साथ अन्य संबंधित विभाग भी आपसी समन्वय से स्थिति को सामान्य करने में जुटे हुए हैं. मौसम की स्थिति अनुकूल होते ही अतिरिक्त संसाधनों के माध्यम से मरम्मत कार्य को और तेज किया जाएगा.
प्रशासन ने कहा है कि विद्युत आपूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन खराब मौसम के दौरान सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा. नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस चुनौतीपूर्ण समय में प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमों का सहयोग करें.
