बलरामपुर में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और अधिवक्ताओं के बीच चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए सोमवार को बातचीत होगी। दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में डीएम 15 सदस्यीय अधिवक्ता प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे।
नामांतरण प्रक्रिया में बदलाव, जिलाधिकारी के कार्यव्यवहार और वीर विनय चौक स्थित अधिवक्ता संघ भवन को गिराने के नोटिस के विरोध में अधिवक्ता 15 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे हैं।
अधिवक्ताओं की प्रमुख मांगों में जिलाधिकारी के कार्यव्यवहार में बदलाव और सार्वजनिक रूप से माफी मांगना शामिल है। उनका कहना है कि इन मुद्दों पर उनकी आपत्तियों का समाधान किया जाना चाहिए।
जिला बार एसोसिएशन, दि कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन और जिला युवा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, वार्ता के बाद अधिवक्ताओं की बैठक होगी। इसमें बातचीत के नतीजों की समीक्षा कर आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में अधिवक्ताओं के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से 26 अक्टूबर को होगी वार्ता, डीएम ने तय किया समय और स्थान
अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है, तो आंदोलन जारी रहेगा। अब सबकी नजरें आज होने वाली वार्ता के नतीजों पर टिकी हैं।
